कोफ़ी अन्नान

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
कोफ़ी अन्नान
कोफ़ी अन्नान
पूरा नाम कोफ़ी अन्नान
जन्म 8 अप्रैल, 1938
जन्म भूमि कुमसी, घाना
मृत्यु 18 अगस्त, 2018
मृत्यु स्थान बर्ने, स्विट्ज़रलैण्ड
प्रसिद्धि संयुक्त राष्ट्र महासचिव
कार्य काल महासचिव - 1 जनवरी, 1997 से 31 दिसम्बर, 2006
शिक्षा अर्थशास्त्र स्नातक, अंतरराष्ट्रीय संबंध में डी.ई.ए. की डिग्री, मैनेजमेंट में एम.एस. की डिग्री।
विद्यालय मैकैलेस्टर कॉलेज, मिनेसोटा; ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंटरनैशनल स्टडीज़, जिनेवा
पुरस्कार-उपाधि नोबेल शांति पुरस्कार (2001)
संबंधित लेख संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र महासभा, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद
अन्य जानकारी कोफ़ी अन्नान ने 1962 में संयुक्त राष्ट्र की संस्था 'विश्व स्वास्थ्य संगठन' के लिए एक बजट अधिकारी के रूप में काम शुरू किया था। वे विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ 1965 तक रहे।

कोफ़ी अन्नान (अंग्रेज़ी: Kofi Annan, जन्म- 8 अप्रैल, 1938, गोल्ड कोस्ट, घाना; निधन- 18 अगस्त, 2018, बर्ने, स्विट्ज़रलैण्ड) कुशल कूटनीतिज्ञ थे, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ के सातवें महासचिव के रूप में भी अपनी सेवाएँ दीं। वे 1962 से 1974 तक और फिर 1974 से 2006 तक संयुक्त राष्ट्र में कार्यरत रहे। वे 1 जनवरी, 1997 से 31 दिसम्बर, 2006 तक दो कार्यकालों के लिये संयुक्त राष्ट्र के महासचिव रहे। कोफ़ी अन्नान को संयुक्त राष्ट्र के साथ 2001 में नोबेल शांति पुरस्कार से सह-पुरस्कृत किया गया था।

परिचय

कोफ़ी अन्नान का जन्म 8 अप्रैल, सन 1938 को गोल्ड कोस्ट, घाना के कुमसी शहर में हुआ था। उन्होंने 1954 से 1957 तक मफिन्तिस्म स्कूल से शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद वे सन 1957 में फ़ोर्ड फ़ाउंडेशन की छात्रवृत्ति पर अमरीका गए। 1958 से 1961 तक उन्होंने मिनेसोटा राज्य के सन्त पौल शहर में मैकैलेस्टर कॉलेज में अर्थशास्त्र की पढ़ाई की और 1961 में स्नातक की डिग्री मिली। कोफ़ी अन्नान ने 1961 में अंतरराष्ट्रीय संबंध में जिनेवा के ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंटरनैशनल स्टडीज़ से डी.ई.ए. की डिग्री प्राप्त की। 1971 से जून, 1972 में ऐल्फ़्रॅड स्लोअन फ़ॅलो के तौर पर एम.आई.टी. से मैनेजमेंट में एम.एस. की डिग्री ली। अंग्रेज़ी, फ्रेंच, क्रू, अकान की अन्य बोलियों और अन्य अफ़्रीकी भाषाओं पर कोफ़ी अन्नान का समान अधिकार है।

कॅरियर

  1. कोफ़ी अन्नान ने 1962 में संयुक्त राष्ट्र की संस्था विश्व स्वास्थ्य संगठन के लिए एक बजट अधिकारी के रूप में काम शुरू कर दिया था। वे विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ 1965 तक रहे।
  2. 1965 से 1972 तक उन्होंने इथियोपिया की राजधानी अद्दीस अबाबा में संयुक्त राष्ट्र की इकॉनोमिक कमिशन फ़ॉर ऐफ़्रिका के लिये काम किया।
  3. अगस्त, 1972 से मई, 1974 तक जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र के लिये प्रशासनिक प्रबंधन अधिकारी के तौर पर रहे।
  4. कोफ़ी अन्नान 1973 की अरब-इज़राइली जंग के बाद मई, 1974 से नवंबर, 1974 तक मिस्र में शांति अभियान में संयुक्त राष्ट्र द्वारा कार्यरत असैनिक कर्मचारियों के मुख्य अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे। बाद में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र छोड़ दिया और घाना लौट गए।
  5. वे 1974 से 1976 तक घाना में पर्यटन के निदेशक के रूप में रहे।
  6. 1984 में कोफ़ी अन्नान संयुक्त राष्ट्र के बजट विभाग के अध्यक्ष के रूप में न्यूयॉर्क वापिस आए।
  7. 1987 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र के मानव संसाधन विभाग और 1990 में बजट एवं योजना विभाग का सहायक महासचिव नियुक्त किया गया।
  8. मार्च, 1992 से फ़रवरी, 1993 तक वे शांति अभियानों के सहायक महासचिव रहे।
  9. मार्च, 1993 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र का अवर महासचिव नियुक्त किया गया और वे दिसम्बर, 1996 तक इस पद पर कार्यरत रहे।

महासचिव

1 जनवरी, 1997 से 31 दिसम्बर, 2006 तक कोफ़ी अन्नान संयुक्त राष्ट्र के महासचिव रहे। 2001 में उन्हें और संयुक्त राष्ट्र को नोबेल शांति पुरस्कार से सह-पुरस्कृत किया गया। 13 दिसम्बर, 1996 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने कोफ़ी अन्नान की सिफ़ारिश की, ताकि वह पूर्व महासचिव बुतरस घाली का स्थान ले सकें। बुतरस घाली के दूसरे कार्यकाल को अमेरिका के वीटो का सामना करना पड़ा था।

निधन

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव कोफी अन्नान का 80 साल की आयु में 18 अगस्त, 2018 को बर्ने, स्विट्ज़रलैण्ड में निधन हो गया।

पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख