हेमा मालिनी

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
हेमा मालिनी
हेमा मालिनी
पूरा नाम हेमा मालिनी आर. चक्रवर्ती
प्रसिद्ध नाम हेमा मालिनी
अन्य नाम ड्रीम गर्ल
जन्म 16 अक्टूबर 1948
जन्म भूमि अम्मनकुड़ी, तमिलनाडु
अभिभावक वी. एस. आर. चक्रवर्ती, जया चक्रवर्ती
पति/पत्नी धर्मेन्द्र
संतान एशा और अहाना
कर्म भूमि मुम्बई
कर्म-क्षेत्र नृत्यांगना, अभिनेत्री, राजनीतिज्ञ
मुख्य फ़िल्में शोले, ड्रीमगर्ल, क्रांति, रज़िया सुल्तान, बाग़बान आदि
पुरस्कार-उपाधि पद्मश्री 2000, “सीता और गीता” सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री फ़िल्मफेयर पुरस्कार 1973, फ़िल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार
विशेष योगदान लुप्त हो रही नृत्य शैली मोहिनीअट्टम के अस्तित्व को बनाए रखने में हेमा मालिनी का योगदान उल्लेखनीय है।
नागरिकता भारतीय
अन्य जानकारी हेमा मालिनी मथुरा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान सांसद हैं।
अद्यतन‎

हेमा मालिनी (अंग्रेज़ी: Hema Malini, जन्म: 16 अक्टूबर, 1948, अम्मनकुड़ी तमिलनाडु) हिन्दी फ़िल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं भारतीय जनता पार्टी की मथुरा लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद हैं। वे बॉलीवुड की उन गिनी चुनी अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिनमें सौंदर्य और अभिनय का अनूठा संगम देखने को मिलता है। इस प्रसिद्ध अभिनेत्री और नृत्यांगना ने लगभग चार दशक के कैरियर में कई सुपरहिट फ़िल्मों में काम किया। इनकी सुंदरता और अदाओं के कारण इन्हें बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल कहा जाने लगा। सिनेमा जगत से लेकर संसद तक और नृत्य समारोहों के मंच से लेकर छोटे पर्दे तक हेमा मालिनी हर जगह अपनी आकर्षक उपस्थिति से दर्शकों का ध्यानाकर्षण करती रही हैं। अनुभवी, ख़ूबसूरत और प्रतिभाशाली हेमा मालिनी भारतीय कला-जगत की अमूल्य धरोहर हैं।[1]

जीवन परिचय

हेमा मालिनी का जन्म 16 अक्टूबर 1948 को अम्मनकुड़ी तमिलनाडु में हुआ था। फ़िल्में हो या निजी जीवन दर्शकों की जिज्ञासा हमेशा ही उन्हें लेकर बनी रही है। हेमा मालिनी का बचपन तमिलनाडु के विभिन्न शहरों में बीता। हेमा के पिता वी. एस. आर. चक्रवर्ती तमिल फ़िल्मों के निर्माता थे। फ़िल्मी परिवेश में पली-बढ़ी हेमा मालिनी ने चेन्नई के आंध्र महिला सभा से अपनी पढ़ाई पूरी की।

फ़िल्मी संघर्ष

रूपहले पर्दे पर हेमा ने पहली बार एक नर्तकी के रूप में पदार्पण किया। तेलुगू फ़िल्म 'पांडव वनवासम्' में हेमा ने एक नृत्य में पहली बार बड़े पर्दे पर अपनी झलक दिखाई, पर दक्षिण भारतीय फ़िल्म निर्माता-निर्देशकों को वे प्रभावित करने में असफल रहीं। इस तरह चार वर्षों के संघर्ष के बाद भी हेमा मालिनी को दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में अभिनय की पारी शुरुआत करने का अवसर नहीं मिल पाया।

विवाह

सहकलाकार जीतेंद्र और संजीव कुमार के साथ प्रेम-प्रसंग की अफवाहों के बीच हेमा मालिनी ने हिंदी फ़िल्मों के हीमैन की उपाधि से संबोधित किए जाने वाले अभिनेता धर्मेन्द्र से विवाह किया। कई फ़िल्मों में सह-कलाकार रह चुके धर्मेन्द्र के साथ अपने प्रेम-संबंध के प्रति समर्पण का प्रमाण देकर हेमा ने उनकी दूसरी पत्‍‌नी बनना स्वीकार किया।

हेमा मालिनी अपने पति धर्मेंद्र के साथ

संतान

दो बेटियों एशा और अहाना के व्यक्तित्व को मातृत्व की छांव में संवारने के साथ ही हेमा मालिनी राजनीतिक परिदृश्य में भी सक्रिय रहीं। अभिनेत्री, निर्मात्री, निर्देशिका और सांसद होने के साथ ही हेमा मालिनी अंतरराष्ट्रीय स्तर की शास्त्रीय नृत्यांगना भी हैं। लुप्त हो रही नृत्य शैली मोहिनीअट्टम के अस्तित्व को बनाए रखने में हेमा मालिनी का योगदान उल्लेखनीय है।

फ़िल्मी सफ़र

हेमा की ख़ूबसूरती और नृत्य कला ने हिंदी फ़िल्मों के शोमैन राजकपूर को प्रभावित किया। राजकपूर ने उन्हें अपनी फ़िल्म 'सपनों का सौदागर' में अभिनय का अवसर दिया। सपनों का सौदागर की नायिका के रूप में हिंदी फ़िल्मों को उसकी ड्रीम गर्ल की पहली झलक मिली। धीरे-धीरे हेमा मालिनी का सम्मोहन हिंदी फ़िल्मी दर्शकों के सर चढ़कर बोलने लगा और उनका नाम शीर्ष अभिनेत्री की सूची में सबसे ऊपर शुमार हो गयीं। लगभग तीन दशक तक हेमा मालिनी के अभिनय और आकर्षण का जादू तत्कालिक अभिनेत्रियों पर हावी रहा।

प्रसिद्ध फ़िल्में

हेमा मालिनी के लंबे फ़िल्मी सफ़र की उल्लेखनीय फ़िल्में हैं हिंदी फ़िल्मी दर्शकों ने हेमा मालिनी के अभिनय के हर रंग देखे हैं। 'दिल एक आशना' के निर्देशन और निर्माण की ज़िम्मेदारी निभाकर हेमा मालिनी ने हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री में अपने लंबे अनुभव को रचनात्मक मोड़ दिया।

फ़िल्म शोले के एक दृश्य में हेमा मालिनी (बसंती)
हेमा मालिनी की प्रमुख फ़िल्में
वर्ष फ़िल्म पात्र का नाम
1972 राजा जानी शन्नो
1972 सीता और गीता सीता, गीता (दोहरी भूमिका)
1974 प्रेम नगर लता
1974 अमीर ग़रीब सुनीता
1975 धर्मात्मा रेशमा
1975 खुशबू कुसुम
1975 शोले बसंती
1976 चरस सुधा
1977 ड्रीमगर्ल सपना
1978 त्रिशूल शीतल वर्मा
1979 मीरा मीरा राठौड़
1980 दो और दो पांच शालू
1980 द बर्निग ट्रेन सीमा
1981 ज्योति गौरी
1981 क्रांति राजकुमारी मीनाक्षी
1982 रजिया सुल्तान रजिया बानो
2003 बागबान पूजा मल्होत्रा

सम्मान और पुरस्कार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हेमा मालिनी

हिन्दी सिनेमा और कला जगत में योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2000 पद्मश्री की प्रतिष्ठित उपाधि से भी सम्मानित किया गया। उन्हें वर्ष 1973 में “सीता और गीता” के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फ़िल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके अतिरिक्त 1999 में उन्हें फ़िल्मफेयर का 'लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार' भी मिल चुका है।[2]

राजनीतिक जीवन

वह राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी की सांसद भी रह चुकी हैं और उनका ज़्यादातर वक्त सामाजिक कार्यो में बीतता है। सांसद के रूप में वे अपनी ज़िम्मेदारियाँ बख़ूबी निभाती रही हैं। वर्तमान में हेमामालिनी मथुरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. बॉलीवुड की स्वप्न सुंदरी हेमा मालिनी (हिंदी)। । अभिगमन तिथि: 29 नवम्बर, 2011।
  2. स्वप्‍न सुंदरी हेमा मालिनी (हिंदी) एच.टी. एम. एल। अभिगमन तिथि: 29 नवम्बर, 2011।

संबंधित लेख