शक्तिपीठ

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
DrMKVaish (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 16:02, 12 सितम्बर 2011 का अवतरण
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
Icon-edit.gif इस लेख का पुनरीक्षण एवं सम्पादन होना आवश्यक है। आप इसमें सहायता कर सकते हैं। "सुझाव"

परिचय

हिन्दू धर्म के पुराणों के अनुसार जहां जहां सती के अंग के टुकड़े, धारण किए वस्त्र या आभूषण गिरे, वहां-वहां शक्तिपीठ अस्तित्व में आया। ये अत्यंय पावन तीर्थ कहलाये। ये तीर्थ पूरे भारतीय उपमहाद्वीप पर फैले हुए हैं। देवी पुराण में 51 शक्तिपीठो का वर्णन है।

हालांकि देवी भागवत में जहां 108 और देवी गीता में 72 शक्तिपीठों को जिक्र मिलता है वहीं तन्त्रचूडामणि में 52 शक्तिपीठ बताए गए हैं। देवी पुराण में जरूर 51 शक्तिपीठों की ही चर्चा की गई है। इन 51 शक्तिपीठों में से कुछ विदेश में भी हैं और पूजा-अर्चना द्वारा प्रतिष्ठित हैं।

ज्ञातव्य है की इन 51 शक्तिपीठो में भारत - विभाजन के बाद 5 और भी कम हो गए और आज के भारत में 42 शक्ति पीठ रह गए है 1 शक्तिपीठ पाकिस्तान में चला गया और 4 बांग्लादेश में। शेष 4 पीठो में 1 श्रीलंका में, 1 तिब्बत में तथा 2 नेपाल में है।

शक्तिपीठों के सन्दर्भ में कथा

देश-विदेश में स्थित इन 51 शक्तिपीठों के सन्दर्भ में जो कथा है वह यह है कि राजा प्रजापति दक्ष की पुत्री के रूप में माता जगदम्बिका ने सती के रूप में जन्म लिया थी और भगवान शिव से विवाह किया। एक बार मुनियों का एक समूह यज्ञ करवा रहा था। यज्ञ में सभी देवताओं को बुलाया गया था। जब राजा दक्ष आए तो सभी लोग खड़े हो गए लेकिन भगवान शिव खड़े नहीं हुए। भगवान शिव दक्ष के दामाद थे। यह देख कर राजा दक्ष बेहद क्रोधित हुए। दक्ष अपने दामाद शिव को हमेशा निरादर भाव से देखते थे। सती के पिता राजा प्रजापति दक्ष ने कनखल (हरिद्वार) में 'बृहस्पति सर्व / ब्रिहासनी' नामक यज्ञ का आयोजन किया था। उस यज्ञ में ब्रह्मा, विष्णु, इंद्र और अन्य देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया, लेकिन जान-बूझकर अपने जमाता और सती के पति भगवान शिव को इस यज्ञ में शामिल होने के लिए निमन्त्रण नहीं भेजा था। जिससे भगवान शिव इस यज्ञ में शामिल नहीं हुए। नारद जी से सती को पता चला कि उनके पिता के यहां यज्ञ हो रहा है लेकिन उन्हें निमंत्रित नहीं किया गया है। इसे जानकर वे क्रोधित हो उठीं। नारद ने उन्हें सलाह दिया कि पिता के यहां जाने के लिए बुलावे की ज़रूरत नही होती है। जब सती अपने पिता के घर जाने लगीं तब भगवान शिव ने मना कर दिया। लेकिन सती पिता द्वारा न बुलाए जाने पर और शंकरजी के रोकने पर भी जिद्द कर यज्ञ में शामिल होने चली गई। यज्ञ-स्थल पर सती ने अपने पिता दक्ष से शंकर जी को आमंत्रित न करने का कारण पूछा और पिता से उग्र विरोध प्रकट किया। इस पर दक्ष ने भगवान शंकर के विषय में सती के सामने ही अपमान जनक बातें करने लगे। इस अपमान से पीड़ित हुई सती को यह सब बर्दाश्त नहीं हुआ और वहीं यज्ञ-अग्नि कुंड में कूद कर अपने प्राणाहुति दे दी। भगवान शंकर को जब इस दुर्घटना का पता चला तो क्रोध से उनका तीसरा नेत्र खुल गया। सर्वत्र प्रलय सा हाहाकार मच गया। भगवान शंकर के आदेश पर वीरभद्र ने दक्ष का सिर काट दिया और अन्य देवताओं को शिव निंदा सुनने की भी सजा दी। और उनके गणों के उग्र कोप से भयभीत सारे देवता और ऋषिगण यज्ञस्थल से भाग गये। तब भगवान शिव ने सती के वियोग में यज्ञकुंड से सती के पार्थिव शरीर को निकाल कंधे पर उठा लिया और दुःखी हुए सम्पूर्ण भूमण्डल पर भ्रमण करने लगे। भगवती सती ने अन्तरिक्ष में शिव को दर्शन दिया और उनसे कहा कि जिस-जिस स्थान पर उनके शरीर के खण्ड विभक्त होकर गिरेंगे, वहा महाशक्तिपीठ का उदय होगा। सती का शव लेकर शिव पृथ्वी पर विचरण करते हुए तांडव नृत्य भी करने लगे, जिससे पृथ्वी पर प्रलय की स्थिति उत्पन्न होने लगी। पृथ्वी समेत तीनों लोकों को व्याकुल देख कर और देवो के अनुनय - विनय पर भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र से सती के शरीर को खण्ड-खण्ड कर धरती पर गिराते गए। जब-जब शिव नृत्य मुद्रा में पैर पटकते, विष्णु अपने चक्र से शरीर का कोई अंग काटकर उसके टुकड़े पृथ्वी पर गिरा देते। "तंत्र-चूड़ामणि" के अनुसार इस प्रकार जहां जहां सती के अंग के टुकड़े, धारण किए वस्त्र या आभूषण गिरे, वहां-वहां शक्तिपीठ अस्तित्व में आया। इस तरह कुल 51 स्थानों में माता की शक्तिपीठों का निर्माण हुआ। अगले जन्म में सती ने हिमवान राजा के घर पार्वती के रूप में जन्म लिए घोर तपस्या कर शिवजी को पुन: पति रूप में प्राप्त किया।

शक्तिपीठों का विवरण

1. किरीट कात्यायनी
यहाँ माता सती का "किरीट" नमक शिरोभूषण या मुकुट गिरा था। यहाँ की शक्ति "विमला" या "भुवनेशी" नाम से जानी जाती है और यहाँ भैरव (शिव) "संवर्त" नाम से विख्यात हैं। यह शक्ति पीठ पश्चिम बंगाल के हाबड़ा-बहरहवा लाइन पर हाबड़ा से ढाई किमी दूर "लालबाग कोर्ट" स्टेशन से लगभग 5 किमी पर बतन नगर के पास गंगा तट पर स्थित है।

2. कात्यायनी कात्यायनी
यहाँ माता सती के "केश" गिरे थे। यहाँ माता सती "उमा" तथा भगवन शंकर "भूतेश" के नाम से जाने जाते है। मथुरा-वृन्दावन के बीच "भुतेशवर" नामक रेलवे स्टेशन के समीप "भुतेशवर - मंदिर" के प्रांगण में यह शक्ति पीठ स्थित है।

3. करवीर शक्तिपीठ
यहाँ माता सती के "त्रिनेत्र" गिरे थे। यहाँ माता सती को "महिषामर्दिनी" और भगवान शिव "क्रोधीश" कहे जाते है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित महालक्ष्मी अथवा अम्बाईका मंदिर ही यह शक्तिपीठ है।

4. श्री पर्वत शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "तल्प" (कनपटी) गिरा था। यहाँ सती "श्री सुन्दरी" तथा शिव "सुंदरानन्द" कहलाते है। इस शक्तिपीठ को लेकर विद्वानों में मतान्तर है कुछ विद्वानों का मानना है कि यह स्थान लद्दाख (कश्मीर) में है। कुछ लोग असम में सिलहट से 4 किमी दूर जैनपुर नामक स्थान पर "श्रीपर्वत" को शक्ति पीठ मानते है।

5. विशालाक्षी शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "कर्णमणि" (कान की मणि) गिरी थी। यहाँ माता सती को "विशालाक्षी" तथा भगवान शिव को "काल भैरव" कहते है। उत्तर प्रदेश, वाराणसी में विश्वेश्वर के निकट मीरघाट पर विशालाक्षी का मंदिर ही शक्ति पीठ है।

6. गोदावरी तट शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का काममण्डा (बायाँ गाल) गिरा था। यहाँ माता सती को "विशवेशी" (रुक्मणी विश्वमातृका) तथा भगवान शिव को "दण्डपाणि" (वत्सनाम) कहा जाता है। आंध्रप्रदेश में कब्बूर में गोदावरी स्टेशन के पास कोटि तीर्थ है। यह शक्ति पीठ यहाँ स्थित है।

7. शुचीन्द्रम शक्तिपीठ
यहाँ माता सती के "ऊर्ध्र्वदन्त" (ऊपर के दांत) गिरे थे। यहाँ माता सती को "नारायणी" और भगवान शंकर को "संहार" या "संकूर" कहते है। तमिलनाडू में तीन महासागर के संगम स्थल कन्याकुमारी से 13 किमी दूर "शुचीन्द्रम" में स्याणु शिव का मंदिर है। उसी मंदिर में ये शक्ति पीठ है।

8. पंच सागर शक्तिपीठ
यहाँ माता सती के "अधोदन्त" (नीचे के दांत) गिरे थे। यहाँ सती "वाराही" तथा शिव "महारूद्र" के नाम से जाने जाते है। इस पीठ के स्थान का निश्चित पता नहीं है।

9. ज्वालामुखी शक्तिपीठ
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जनपद के अंतर्गत ज्वालामुखी का मंदिर ही शक्ति पीठ है। जो ज्वालामुखी रोड रेलवे स्टेशन से लगभग 21 किमी दूर बस मार्ग पर स्थित है। यहाँ माता सती की "जिव्हा" गिरी थी। यहाँ माता सती "सिद्धिदा" अम्बिका तथा भगवान शिव "उन्मत्त" रूप में विराजित है। मंदिर में आग के रूप में हर समय ज्वाला धधकती रहती है।

10. भैरव पर्वत शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "ऊर्ध्र्व ओष्ठ" (ऊपरी होठ) गिरा था। यहाँ माता सती को "अवन्ती" तथा भगवान शिव को "अम्बकर्ण" कहलाते है। इस शक्तिपीठ को लेकर विद्वानों में मतदभेद है। कुछ मध्यप्रदेश में उज्जैन के निकट शिप्रा नदी के तट पर भैरव पर्वत है। गुजरात में गिरनार के निकट भी एक भैरव पर्वत है। दोनों ही स्थलों को शक्तिपीठ मान कर श्रद्धापूर्वक यात्रा करनी चाहिए।

11. अट्टहास शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "अधरोष्ठ" (नीचे का होठ) गिरा था। यहाँ माता सती "फुल्लरादेवी" और भगवान शिव "विश्वेश" कहलाते है। यह शक्ति पीठ पश्चिम बंगाल के लाबपुर / वर्धमान (बर्दवान) से 93 किमी दूर कटवा - अहमदपुर लाइन पर लाबपुर स्टेशन के निकट है।

12. जनस्थान शक्तिपीठ
यहाँ माता सती की "ठुड्डी" गिरी थी। यहाँ सती "भ्रामरी" और शिव "विक्रताक्ष" कहलाते है। महाराष्ट्र नासिक के पास पंचवटी में माँ भद्रकाली का मंदिर ही यह शक्ति पीठ है।

13. कश्मीर शक्तिपीठ
कश्मीर में अमरनाथ गुफा के भीतर "हिम" शक्तिपीठ है। यहाँ माता सती का "कंठ" गिरा था। यहाँ सती "महामाया" तथा शिव "त्रिसंध्येश्वर" कहलाते है। श्रावण पूर्णिमा को अमरनाथ के दर्शन के साथ यह शक्ति पीठ भी दिखता है।

14. नन्दीपुर शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "कण्ठहार" गिरा था। यहाँ सती "नन्दिनी" और शिव "नन्दिकेश्वर" कहलाते है। पश्चिम बंगाल के बोलपुर (शांति निकेतन) से 33 किमी दूर सैन्थिया रेलवे जंक्शन से अग्निकोण में, थोड़ी दूर रेलवे लाइन के निकट ही एक वटवृक्ष के नीचे यह शक्ति पीठ है।

15. श्री शैल शक्तिपीठ
आंध्र प्रदेश में के कुर्नूल के पास श्रीशेलम (मल्लिकार्जुन) द्वादश ज्योतिर्लिंगों में एक मंदिर है। मंदिर के विशाल प्रांगण में श्री "भ्रमराम्बा" देवी का मंदिर ही यह शक्तिपीठ है। यहाँ माता सती की "ग्रीवा" गिरी थी। यहाँ सती को "महा लक्ष्मी" तथा शिव को "संवरानंद" या "ईश्वरानंद" कहा जाता है।

16. नलहरी शक्तिपीठ
नलहटी में माता सती की "उदरनाली" गिरी थी। यहाँ शक्ति "कालिका" तथा शिव "योगीश" कहे जाते है। जहां माता का उदरनली गिरी थी। यहाँ शक्ति पीठ पश्चिम बंगाल के बोलपुर (शांति निकेतन) से 75 किमी तथा सैन्थिया जंक्शन से मात्र 42 किमी दूर नलहटी जंक्शन से 3 किमी दूर एक टीले पर स्थित है। नंदी पुर शक्तिपीठ आने वाले भक्तगण सुविधापूर्वक एक शक्तिपीठ का दर्शन कर सकते है।

17. मिथिला शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "वाम स्कन्ध" गिरा था। यहाँ सती "उमा" या "महा देवी" तथा शिव "महोदर" कहलाते हैं। इस शक्तिपीठ का निश्चित स्थान बताना कुछ कठिन है। स्थान को लेकर मन्तारतर है तीन स्थानों पर मिथिला शक्तिपीठ को माना जाता है। एक जनकपुर (नेपाल) से 51 किमी दूर पूर्व दिशा में "उच्चैठ" नामक स्थान पर "वन दुर्गा" का मंदिर है। दूसरा बिहार के समस्तीपुर और सहरसा स्टेशन के पास "उग्रतारा" का मंदिर है। तीसरा समस्तीपुर से पूर्व 61 किमी दूर सलौना रेलवे स्टेशन से 9 किमी दूर "जयमंगला" देवी का मंदिर है। उक्त तीनो मंदिर को विद्वजन शक्तिपीठ मानते है।

18. रत्नावली शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "दायाँ कन्धा" गिरा था। इसका निश्चित स्थान अज्ञात है, यह शक्तिपीठ बंगाल-पंजिका के अनुसार कदाचित तमिलनाडु के चेन्नई/मद्रास में है। यहाँ माता सती को "कुमारी" तथा भगवान् शिव को "शिव" कहा जाता है।

19. अम्बाजी शक्तिपीठ, प्रभास पीठ
यहाँ माता सती का "उदार" गिरा था। गुजरात गूना गढ़ के गिरनार पर्वत के प्रथत शिखर पर माँ अम्बा जी का मंदिर ही शक्ति पीठ है। यहाँ माता सती को "चंद्रभागा" और भगवान् शिव को "वक्रतुण्ड" के नाम से जाना जाता है। ऐसी भी मान्यता है कि गिरिनार पर्वत के निकट ही सती का उध्र्वोष्ठ गिरा था, जहां की शक्ति अवन्ती तथा भैरव लंबकर्ण है।

20. त्रिपुरमालिनी शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "बायां स्तन" गिरा था। यहाँ सती को "त्रिपुरमालिनी" और शिव को "भीषण" के रूप में जाना जाता है। यह शक्ति पीठ पंजाब के जालंध्र में स्थित है।

21. रामागिरी शक्तिपीठ
यहाँ माता सती का "दायाँ स्तन" गिरा था। यहाँ सती को "शिवानी" और शिव को "चण्ड" कहा जाता है। इस शक्ति पीठ की स्थिति को लेकर भी विद्वानों में मतान्तर है। कुछ उत्तर प्रदेश के चित्राकूट शारदा मंदिर तो कुछ मध्य प्रदेश के मैहर के शारदा मंदिर को मानते हैं।

22. वैद्यनाथ का हार्द शक्तिपीठ
झारखण्ड के गिरिडीह, देवघर स्थित है वैद्यनाथ हार्द शक्तिपीठ, जहां माता का हृदय गिरा था। यहां की शक्ति जयदुर्गा तथा भैरव वैद्यनाथ है। एक मान्यतानुसार यहीं पर सती का दाह-संस्कार भी हुआ था।

23. वक्त्रोश्वर शक्तिपीठ
माता का यह शक्तिपीठ पश्चिम बंगाल के सैिन्थया में स्थित है जहां माता का मन गिरा था। यहां की शक्ति महिषासुरमदिनी तथा भैरव वक्त्रानाथ हैं।

24. कण्यकाश्रम कन्याकुमारी
तमिलनाडु के कन्याकुमारी के तीन सागरों हिन्द महासागर, अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी के संगम पर स्थित है कण्यकाश्रम शक्तिपीठ, जहां माता का पीठ मतान्तर से उध्र्वदन्त गिरा था। यहां की शक्ति शर्वाणि या नारायणी तथा भैरव निमषि या स्थाणु हैं।

25. बहुला शक्तिपीठ
पश्चिम बंगाल के कटवा जंक्शन के निकट केतुग्राम में स्थित है बहुला शक्तिपीठ, जहां माता का वाम बाहु गिरा था। यहां की शक्ति बहुला तथा भैरव भीरुक हैं।

26. उज्जयिनी शक्तिपीठ
मध्य प्रदेश के उज्जैन के पावन क्षिप्रा के दोनों तटों पर स्थित है उज्जयिनी शक्तिपीठ। जहां माता का कुहनी गिरा था। यहां की शक्ति मंगल चण्डिका तथा भैरव मांगल्य कपिलांबर हैं।

27. मणिवेदिका शक्तिपीठ
राजस्थान के पुष्कर में स्थित है मणिदेविका शक्तिपीठ, जिसे गायत्री मन्दिर के नाम से जाना जाता है यहीं माता की कलाइयां गिरी थीं। यहां की शक्ति गायत्री तथा भैरव शर्वानन्द हैं।

28. प्रयाग शक्तिपीठ
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में स्थित है। यहां माता की हाथ की अंगुलियां गिरी थी। लेकिन, स्थानों को लेकर मतभेद इसे यहां अक्षयवट, मीरापुर और अलोपी स्थानों में गिरा माना जाता है। तीनों शक्तिपीठ की शक्ति ललिता तथा भव नामक भैरव हैं।

29. विरजाक्षेत्रा, उत्कल
उत्कल शक्तिपीठ उड़ीसा के पुरी और याजपुर में माना जाता है जहां माता की नाभि गिरा था। यहां की शक्ति विमला तथा भैरव जगन्नाथ पुरुषोत्तम हैं।

30. कांची शक्तिपीठ
तमिलनाडु के कांचीवरम् में स्थित है माता का कांची शक्तिपीठ, जहां माता का कंकाल गिरा था। यहां की शक्ति देवगर्भा तथा भैरव रुरु हैं।

31. कालमाध्व शक्तिपीठ
इस शक्तिपीठ के बारे कोई निश्चित स्थान ज्ञात नहीं है। परन्तु, यहां माता का वाम नितम्ब गिरा था। यहां की शक्ति काली तथा भैरव असितांग हैं।

32. शोण शक्तिपीठ
मध्य प्रदेश के अमरकंटक के नर्मदा मन्दिर शोण शक्तिपीठ है। यहां माता का दक्षिण नितम्ब गिरा था। एक दूसरी मान्यता यह है कि बिहार के सासाराम का ताराचण्डी मन्दिर ही शोण तटस्था शक्तिपीठ है। यहां सती का दायां नेत्रा गिरा था ऐसा माना जाता है। यहां की शक्ति नर्मदा या शोणाक्षी तथा भैरव भद्रसेन हैं।

33. कामरूप कामाख्या शक्तिपीठ कामगिरि
असम गुवाहाटी के कामगिरि पर्वत पर स्थित है यह शक्तिपीठ, जहां माता का योनि गिरा था। यहां शक्ति कामाख्या माता के रूप में उमानंद भैरव के साथ पूजा होती है।

34. जयन्ती शक्तिपीठ
जयन्ती शक्तिपीठ मेघालय के जयन्तिया पहाडी पर स्थित है, जहां माता का वाम जंघा गिरा था। यहां की शक्ति जयन्ती तथा भैरव क्रमदीश्वर हैं।

35. मगध् शक्तिपीठ
बिहार की राजधनी पटना में स्थित पटनेश्वरी देवी को ही शक्तिपीठ माना जाता है जहां माता का दाहिना जंघा गिरा था। यहां की शक्ति सर्वानन्दकरी तथा भैरव व्योमकेश हैं।

36. त्रिस्तोता शक्तिपीठ
पश्चिम बंगाल के जलपाइगुड़ी के शालवाड़ी गांव में तीस्ता नदी पर स्थित है त्रिस्तोता शक्तिपीठ, जहां माता का वामपाद गिरा था। यहां की शक्ति भ्रामरी तथा भैरव ईश्वर हैं।

37. त्रिपुरी सुन्दरी शक्तित्रिपुरी पीठ
त्रिपुरा के राध किशोर ग्राम में स्थित है त्रिपुरे सुन्दरी शक्तिपीठ, जहां माता का दक्षिण पाद गिरा था। यहां की शक्ति त्रिपुर सुन्दरी तथा भैरव त्रिपुरेश हैं।

38. विभाष शक्तिपीठ
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर के ताम्रलुक ग्रााम में स्थित है विभाष शक्तिपीठ, जहां माता का वाम टखना गिरा था। यहां की शक्ति कापालिनी, भीमरूपा तथा भैरव सर्वानन्द हैं।

39. देवीकूप पीठ कुरुक्षेत्र (शक्तिपीठ)
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जंक्शन के निकट द्वैपायन सरोवर के पास स्थित है कुरुक्षेत्र शक्तिपीठ, जिसे श्रीदेवीकूप (भद्रकाली पीठ) के नाम से मान्य है। माता का दहिने चरण (दाया टखना) गिरे थे। यहां की शक्ति सावित्री तथा भैरव स्थाणु हैं।

40. युगाद्या शक्तिपीठ (क्षीरग्राम शक्तिपीठ)
पश्चिम बंगाल के बर्दमान जिले के क्षीरग्राम में स्थित है युगाद्या शक्तिपीठ, यहां सती के दाहिने चरण का अंगूठा गिरा था।

41. विराट का अम्बिका शक्तिपीठ
राजस्थान के गुलाबी नगरी जयपुर के वैराटग्राम में स्थित है विराट शक्तिपीठ, जहां माता का दक्षिण पादांगुलियां गिरी थीं। यहां की शक्ति अंबिका तथा भैरव अमृत हैं।

42. काली शक्तिपीठ
पश्चिम बंगाल, कोलकाता के कालीघाट में काली मन्दिर के नाम से प्रसिद्ध यह शक्तिपीठ, जहां माता के दाएं पांव की अंगूठा छोड़ 4 अन्य अंगुलियां गिरी थीं। यहां की शक्ति कालिका माता तथा भैरव नकुलेश हैं।

43. मानस शक्तिपीठ
तिब्बत के मानसरोवर तट पर स्थित है मानस शक्तिपीठ, जहां माता का दाहिना हथेली का निपात हुआ था। यहां की शक्ति की दाक्षायणी तथा भैरव अमर हैं।

44. लंका शक्तिपीठ
श्रीलंका में स्थित है लंका शक्तिपीठ, जहां माता का नूपुर गिरा था। यहां की शक्ति इन्द्राक्षी तथा भैरव राक्षसेश्वर हैं। लेकिन, उस स्थान ज्ञात नहीं है कि श्रीलंका के किस स्थान पर गिरे थे।

45. गण्डकी शक्तिपीठ
नेपाल में गण्डकी नदी के उद्गम पर स्थित है गण्डकी शक्तिपीठ, जहां सती के दक्षिणगण्ड (कपोल) गिरा था। यहां शक्ति `गण्डकी´ तथा भैरव `चक्रपाणि´ हैं।

46. गुह्येश्वरी शक्तिपीठ
नेपाल के काठमाण्डू में पशुपतिनाथ मन्दिर के पास ही स्थित है गुह्येश्वरी शक्तिपीठ है, जहां माता सती के दोनों जानु (घुटने) गिरे थे। यहां की शक्ति `महामाया´ और भैरव `कपाल´ हैं।

47. हिंगलाज शक्तिपीठ
पाकिस्तान के ब्लूचिस्तान प्रान्त में हिंगलाज में स्थित है माता हिंगलाज शक्तिपीठ, जहां माता का ब्रह्मरन्ध्र गिरा था। कोटटरी माता तथा भीमलोचन नाम के भैरव के साथ पूजा होती है।

48. सुगंध शक्तिपीठ
बांग्लादेश के खुलना में सुगंध नदी के तट पर स्थित है उग्रतारा देवी का शक्तिपीठ, जहां माता का नासिका गिरा था। यहां की देवी सुनन्दा है तथा भैरव त्रयम्बक हैं।

49. करतोयाघाट शक्तिपीठ
बंग्लादेश भवानीपुर के बेगड़ा में करतोया नदी के तट पर स्थित है करतोयाघाट शक्तिपीठ, जहां माता का वाम तल्प गिरा था। यहां देवी अपर्णा रूप में तथा शिव वामन भैरव रूप में वास करते हैं।

50. चट्टल शक्तिपीठ
बंग्लादेश के चटगांव में स्थित है चट्टल का भवानी शक्तिपीठ, जहां माता का दाहिना बाहु यानी भुजा गिरा था। यहां की शक्ति भवानी माता तथा भैरव चन्द्रशेखर हैं।

51. यशोरेश्वरी शक्तिपीठ
बांग्लादेश के जैसोर खुलना में स्थित है माता का प्रसिद्ध यशोरेश्वरी शक्तिपीठ, जहां माता का बायीं हथेली गिरा था। यहां शक्ति यशोरेश्वरी तथा भैरव चन्द्र हैं।



पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध


टीका टिप्पणी और संदर्भ


बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख