गीत सेठी

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
गीत सेठी
गीत सेठी
पूरा नाम गीत श्रीराम सेठी
जन्म 17 अप्रैल, 1961
जन्म भूमि दिल्ली
पति/पत्नी किरण
संतान जैज और राग
खेल-क्षेत्र बिलियर्ड्स और स्नूकर
शिक्षा एमबीए
विद्यालय बी.के .स्कूल ऑफ मैनेजमैंट
नागरिकता भारतीय
अन्य जानकारी अबतक कुल 9 बार विश्व बिलियर्ड्स खिताब जीत चुके हैं।
अद्यतन‎

गीत सेठी (अंग्रेज़ी: Geet Sethi, जन्म- 17 अप्रैल, 1961, दिल्ली, भारत) भारत के बिलियर्ड्स और स्नूकर खिलाड़ी हैं। उनका पूरा नाम 'गीत श्रीराम सेठी' है। उन्होंने 1979 में बिलियर्ड और स्नूकर दोनों खेलों के जूनियर टाइटल जीत कर सनसनी फैला दी थी। उस वक्त माइकेल फरेरा और सुभाष अग्रवाल बिलियर्ड के प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ी थे। गीत सेठी ने कुछ ही समय में सीनियर रैंक में प्रवेश पा लिया था। 9 बार विश्व बिलियर्ड्स खिताब जीतने के वाले गीत सेठी को 1992-1993 में 'राजीव गाँधी खेल रत्न पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।

बिलियर्ड तथा स्नूकर में रुचि

गीत सेठी बहुत कम उम्र में बिलियर्ड तथा स्नूकर खेल में रुचि लेने लगे थे, लेकिन कम उम्र होने के कारण उन्हें क्लब में खेलना मना था। लेकिन तभी वह अहमदाबाद चले गए, जिससे उनकी दुनिया ही बदल गई। गुजरात स्पोर्ट्स क्लब की संचालन समिति ने उनकी रुचि देखते हुए उन्हें औरों से अलग मानकर क्लब के सदस्यों वाली मेज पर खेलने की अनुमति दे दी। तब वह सतीश मोहन जैसे लोगों से मिले, जो उस वक्त अपने खेल के शीर्ष पर थे। गीत ने उस वक्त अपने सीनियर व प्रसिद्ध खिलाड़ी के खेल को ध्यानपूर्वक देखते हुए बहुत कुछ सीखा। उन्होंने सेंट जेवियर्स स्कूल व सेंट जेवियर्स कॉलेज, अहमदाबाद से शिक्षा प्राप्त की और फिर अहमदाबाद से ही एम.बी.ए. की डिग्री प्राप्त की। उसके बाद टाटा आयल मिल में मैनेजर की नौकरी की शुरुआत कर ली और अहमदाबाद को अपना स्थायी निवास बना लिया।[1]

सफलताएँ

1982 में गीत सेठी ने उस समय खेल जगत् में सनसनी फैला दी, जब उन्होंने राष्ट्रीय सीनियर टाइटल जीतकर माइकल फरेरा को हरा दिया। तभी वह जूनियर डबल्स में भी विजय प्राप्त कर चुके थे। 1984 में गीत सेठी ने इंग्लैंड में अन्तरराष्ट्रीय स्नूकर की चैंपियनशिप जीत ली और विन्डसर में उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय बिलियर्ड चैंपियनशिप जीती। 1985 में उन्होंने सर्वाधिक ख्याति अर्जित करने वाले पल बिताए, जब उन्होंने दिल्ली में हुई विश्व चैंपियनशिप में फाइनल में 74 वर्षीय बॉब मार्शल को हरा दिया। उनका यह मुकाबला 8 घंटे तक चला। इसके अतिरिक्त 1985 में ही उन्होंने राष्ट्रीय सीनियर डबल्स मुकाबला जीता। यह मुकाबला उसके बाद भी उन्होंने तीन बार और जीता।

1987 में आयरलैण्ड के बेलफास्ट में विश्व चैंपियनशिप मुकाबले में गीत सेठी ने पुन: 1985 वाला इतिहास दोहराया और अंतिम मुकाबलों में सुभाष अग्रवाल को हराकर उन्होंने टाइटल जीत लिया। 1987 में ही वह विश्व के ऐसे खिलाड़ी बने, जिन्होंने स्नूकर में 147 (सर्वाधिक) अंक बनाए।

उपलब्धियाँ

  • IBSF विश्व बिलियर्ड्स 1985, 87, 2001 चैंपियन [2]
  • IBSF विश्व बिलियर्ड्स 2002, 2003, 2005, 2008 उपविजेता
  • IBSF विश्व बिलियर्ड्स 1985, 87, 2001 चैंपियन
  • IBSF विश्व बिलियर्ड्स 2007 कांस्य पदक
  • IBSF विश्व बिलियर्ड्स 2008 कांस्य पदक
  • विश्व बिलियर्ड्स (WBA) 1992, 1993, 1995, 1998, 2006 चैंपियन
  • विश्व बिलियर्ड्स (WBA) 2008 रजत पदक
  • एशियाई खेल 1998 अंग्रेज़ी बिलियर्ड्स के सिंगल्स में रजत पदक और डबल्स में स्वर्ण पदक
  • एशियाई खेल 2006 अंग्रेज़ी बिलियर्ड्स के डबल्स में कांस्य पदक
  • एशियाई इंडोर खेल 2007 अंग्रेज़ी बिलियर्ड्स सिंगल्स में रजत पदक
  • एशियाई बिलियर्ड्स 1986 चैंपियन
  • अंतर्राष्ट्रीय पॉन्टिन्स स्नूकर 1984 चैंपियन
  • राष्ट्रीय बिलियर्ड्स 1982, 1985, 1986, 1987, 1988, 1997, 2007 चैंपियन
  • राष्ट्रीय स्नूकर 1985, 1986, 1987, 1988 चैंपियन
  • विश्व टीम स्नूकर मास्टर्स सैन जोस 2006 में चैंपियन

सम्मान और पुरस्कार

एक खिलाड़ी और राष्ट्र को अपनी असाधारण सेवाओं के रूप में उनकी असाधारण कौशल को ध्यान में रखते हुए गीत सेठी को वर्ष 1986 में अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री पुरस्कार दिया गया था। इसके अलावा, गीत सेठी को 1992-93 में केके बिरला पुरस्कार से सम्मानित किया गया और वर्ष 1992-93 में भारत के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वर्ष पुरस्कार
1986 पद्मश्री
1986 अर्जुन पुरस्कार
1992-93 राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार
1992-93 के.के. बिरला फाउंडेशन खेल पुरस्कार

आत्मकथा

2005 में उन्होंने सक्सेस वर्सेस जॉय (सफलता बनाम आनंद) नामक एक प्रेरणादायक आत्मकथा लिखी।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. गीत सेठी का परिचय (हिंदी) कैसे और क्या। अभिगमन तिथि: 10 सितम्बर, 2016।
  2. गीत सेठी (अंग्रेज़ी) (एच.टी.एम.एल)। । अभिगमन तिथि: 21 अगस्त, 2010

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख