समाचार 2010

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
समाचार लेख सूची
2010    2011    2012    2013    2014    2015    2016

नवीनतम घटनाओं और समसामयिक विषयों पर अद्यतन (अपडेट) सूचनाओं को समाचार कहते हैं, जिन्हें समाचार पत्र, समाचार टी.वी. चैनल, अंतर्जाल (इंटरनेट) या अन्य माध्यमों की सहायता से पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं तक पहुंचाया जाता है।

  • वर्ष 2010 के कुछ प्रमुख राष्ट्रीय समाचार निम्नलिखित हैं-

भारतीय मूल के शुवो राय ने कृत्रिम वृक्क बनाया

शुवो राय

04 दिसम्बर, 2010, शनिवार

भारतीय मूल के वैज्ञानिक और उनकी टीम ने कृत्रिम वृक्क बनाने का दावा किया है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के भारतीय वैज्ञानिक शुवो राय और उनके साथियों ने इस वृक्क को तैयार किया है। उनका कहना है कि यह कृत्रिम वृक्क न केवल रुधिर से ज़हरीले पदार्थ को उत्सर्जित करता है बल्कि वास्तविक वृक्क की कोशिकाओं का इस्तेमाल करके दूसरे महत्त्वपूर्ण कार्य भी करता है। यह वृक्क रुधिर के दबाब पर नियंत्रण रखता है और विटामिन डी बनाता है। शुवो राय और उनकी टीम चूहों व अन्य प्राणियों पर कृत्रिम वृक्क का परीक्षण कर चुकी है। अब वह मनुष्य पर इसका परीक्षण करना चाहती है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

लूला डी सिल्वा को इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा

19 नवंबर, 2010, शुक्रवार

ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा को शुक्रवार 19 नवंबर, 2010 के प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में एक अंतरराष्ट्रीय निर्णायक समिति ने इस पुरस्कार के लिए लूला डी सिल्वा का चयन किया है। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट ने अपने एक बयान में कहा है कि लूला डी सिल्वा को यह पुरस्कार ब्राज़ील में भुखमरी खत्म करने में अभूतपूर्व योगदान देने, विकास को बढ़ावा देने, विकासशील देशों के साथ मज़बूत रिश्तों की वकालत करने और भारत-ब्राज़ील के बीच व्यापक सहभागिता स्थापित करने के लिए दिया जा रहा है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

ब्रिटिश कालीन स्मारक होंगे राष्ट्रीय धरोहर

12 नवंबर, 2010, शुक्रवार

ब्रिटिश काल में छावनी क्षेत्र में बनाए गए ऐतिहासिक स्थल अब राष्ट्रीय धरोहर माने जाएंगे। केंद्र सरकार ने ये आदेश जारी किए हैं कि स्मारकों को चिह्नित करने के बाद इनके संरक्षण और बेहतर रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी। छावनी के सैन्य एवं सिविल क्षेत्र की संपत्तियों का संरक्षण रक्षा संपदा विभाग करता है, जिसके चलते छावनी में मौजूद कई ऐतिहासिक धरोंहरों का संरक्षण नहीं हो पा रहा था। इनके संरक्षण की एक याचिका कोर्ट में दाख़िल की गई थी। इसी के बाद रक्षा मंत्रालय ने देश की समस्त 62 छावनियों को एक माह में ऐसे स्थानों एव इमारतों को तलाशने के आदेश दिए हैं, जिनका संबंध प्राचीन एवं ब्रिटिश कालीन इतिहास से रहा हो। आगरा छावनी बोर्ड द्वारा इस संबंध में स्मारकों के चिह्नीकरण की तैयारी शुरू कर दी गई है। सीईओ संजीव कुमार ने बताया कि इनका विवरण जुटाने के लिए स्टेशन कमांडर एवं डीईओ से संपर्क किया गया है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

भारत ने जीती संयुक्त राष्ट्र की यूएन वीमेन संस्था सीट

12 नवंबर, 2010, शुक्रवार

संयुक्त राष्ट्र की तरफ से महिलाओं की समानता और उनकी सशक्तिकरण के लिए बनाई गई नई संस्था यूएन वीमेन के लिए भारत ने सीट जीत ली है। संस्था की सीट जीतने के बाद संयुक्त राष्ट्र में भारत के दूत हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि भारत एक ऐसा देश है जिसने संयुक्त राष्ट्र में लैंगिक समानता और महिलाओं की सशक्तिकरण को काफ़ी महत्त्व के साथ रेखांकित किया है। राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की केंद्रीय भागीदारी को भारत ने जबरदस्त तरीके से अनुभव किया है और इसी अनुभव को हम 'यूएन वीमेन' के प्रबंधक संस्थान में लाना चाहते हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

पिछली सदी में 39 हज़ार बाघ विलुप्त

12 नवंबर, 2010, शुक्रवार

एक अनुमान के मुताबिक़ सौ साल पहले भारत में बाघों की संख्या 40,000 थी। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण ऑथारिटी के अनुसार सन् 2002 के सर्वेक्षण में जहाँ बाघों की संख्या 3500 आंकी गई थी, वहीं 2008 में यह घटकर 1411 हो गई है। यानि कि अब भारत में मात्र 1411 बाघ बचे हैं। बताया जाता है कि पिछले पांच वर्षों में बाघों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज़ की गई है। वन्य जीवों के लिए काम करने वालों का मानना है कि साल 2025 तक बाघों के विलुप्त हो जाने का ख़तरा है। बाघों की कुल आबादी के 40 फ़ीसदी बाघ भारत में पाए जाते हैं। भारत के 17 प्रदेशों में बाघों के 23 संरक्षित क्षेत्र हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

आदिवासी सहकारी समितियों की बदलेगी सूरत

4 नवम्बर, 2010, गुरुवार

किसानों व ग्रामीण इलाकों में कर्ज़ देने वाली प्राथमिक कृषि कर्ज़ समितियाँ और आदिवासी सहकारी समितियाँ शीघ्र ही मज़बूत संस्थानों के तौर पर काम करने लगेंगी। केंद्र सरकार इन समितियों को सीमित आधार वाले मज़बूत वित्तीय संस्थानों में तब्दील करने पर विचार कर रही है, ताकि दूर-दराज़ के इलाकों व बेहद पिछड़े वर्ग में तेज़ीसे बैंकिंग सेवा पहुंचाई जा सके। वित्तीय संस्थान में तब्दील होने पर इन समितियों के काम करने का दायरा बढ़ेगा। ये तमाम बैंकिंग उत्पाद भी बेच सकेंगी। वित्त मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक़ इस बारे में भारतीय रिज़र्व बैंक, नाबार्ड और कुछ राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों को मिलाकर एक समिति गठित की गई है। यह समिति देश में कृषि ऋण समितियों (पीएसी), बड़ी आदिवासी बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों (एलएएमपी), किसान सेवा समितियों (एफएसएस) के काम करने के तरीके का अध्ययन कर रही है। देश में फिलहाल 220 ऐसी पीएसी, एलएएमपी या एफएसएस हैं, जो बेहद सफलता से काम कर रही हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

इंसुलिन प्रतिरोधी हार्मोन का पता चला

एक्वा चेक

4 नवम्बर, 2010, गुरुवार

भारत को मधुमेह की राजधानी कहा जाता है क्योंकि भारत में मधुमेह एक महामारी की तरह फैल रहा है। खानपान की ख़राबी और शारीरिक श्रम की कमी के कारण पिछले दशक में मधुमेह होने की दर दुनिया के हर देश में बढ़ी है। भारत में इसका सबसे विकृत स्वरूप उभरा है जो बहुत भयावह है। जीवनशैली में अनियमितता मधुमेह का बड़ा कारण है। जल्द ही प्रकार 2 मधुमेह का सफल इलाज किया जा सकेगा। जापान में कानाजावा यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ़ मेडिकल साइंस के वैज्ञानिकों ने इंसुलिन प्रतिरोधी हॉर्मोन की खोज करने का दावा किया है। उनका कहना है कि इससे मधुमेह की नई दवाएँ तैयार करने में बहुत मदद मिलेगी। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि प्रकार 2 मधुमेह के मरीज़ में यकृत से निकलने वाले इंसुलिन प्रतिरोधी हार्मोन का प्रवाह बहुत ज़्यादा हो जाता है।

खोज

गौरतलब है कि इंसुलिन प्रतिरोधी (आईआर) एक भौतिक अवस्था है। इसमें यकृत से निकलने वाला इंसुलिन हॉर्मोन कम सक्रिय हो पाता है। इस वजह से ख़ून में ग्लूकोज़ का स्तर बढ़ जाता है, जो प्रकार 2 मधुमेह के लिए ज़िम्मेदार है। नया शोध जर्नल 'सेल मेटाबोलिज्म' में प्रकाशित हुआ। दल का नेतृत्व कर रहे वैज्ञानिक हीरोफूमी मिशू ने कहा, 'इस अध्ययन में यकृत की उस कार्यप्रणाली पर रोशनी डाला गया है जिसे पहले नहीं खोजा गया था। यह इंसुलिन प्रतिरोधी हॉर्मोन के प्रवाह के बारे में जानकारी देता है।' वैज्ञानिकों ने आरंभ में प्रकार 2 मधुमेह वाले लोगों के यकृत में ज़्यादातर पाए जाने वाले प्रवाह वाले प्रोटीन (हीपैटोकींस) से युक्त जीन की खोज की थी। इस खोज के आधार पर उन्हें लगा कि प्रकार 2 मधुमेह और इंसुलिन प्रतिरोधी के विकास में यकृत का भी योगदान हो सकता है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

हैरी पॉटर के कारण आया भारतीय उल्लूओं पर ख़तरा

4 नवम्बर, 2010, गुरुवार

पर्यावरण मंत्री जयराम नरेश ने कहा है कि मशहूर किताब और फ़िल्म हैरी पॉटर से प्रभावित हो कर माता-पिता अपने बच्चों को उपहार में असली उल्लू (पक्षी) दे रहे हैं। इससे उल्लूओं की संख्या में कमी आ रही है। विलुप्त हो रही प्रजातियों के पक्षियों के गैर-क़ानूनी व्यापार पर ट्रैफिक नामक एक गैर-सरकारी संगठन द्वारा जारी रिपोर्ट के बाद केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने कहा कि हैरी पॉटर की फ़िल्म ने शहरी मध्यमवर्गीय परिवार को ख़ासा प्रभावित किया है। फ़िल्म से प्रभावित बच्चे अपने मां-बाप से असली उल्लू की मांग कर रहे हैं और उनकी मांग को पूरा करने के लिए मां-बाप पशु-पक्षियों का गैर-क़ानूनी रूप से व्यापार करने वालों से संपर्क कर रहे हैं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

57वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से पुरस्कार ग्रहण करते अमिताभ बच्चन

22 अक्टूबर, 2010, शुक्रवार

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने शुक्रवार को 57वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों से कलाकारों को सम्मानित किया। उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को फ़िल्म "पा" के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार प्रदान किया। 57वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार में बॉलीवुड ने 15 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। मलयालम फ़िल्म "कुट्टी स्त्रंक" को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा रितुपर्णो घोष को फ़िल्म "अबोहोमन" के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और इसी फ़िल्म के लिए अनन्या चटर्जी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार अरूंधती नाग को दिया गया। उन्होंने फ़िल्म "पा" में बिग बी की दादी की भूमिका निभाई थी। आमिर खान अभिनीत "3 इडियट्स" को भरपूर मनोरंजन करने वाली "सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फ़िल्म" का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

हाथी राष्ट्रीय विरासत पशु घोषित

हाथियों के अस्तित्व पर भीषण संकट

15 अक्टूबर, 2010, शुक्रवार

पर्यावरण मंत्रालय ने हाथियों के संरक्षण की दिशा में क़दम उठाते हुए उन्हें राष्ट्रीय धरोहर पशु घोषित कर दिया। राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की स्थाई समिति की 13 अक्टूबर, 2010 को हुई बैठक में हाथियों को राष्ट्रीय धरोहर घोषित करने वाले प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद पर्यावरण मंत्रालय ने 15 अक्टूबर, 2010 को इस सम्बंध में अधिसूचना जारी की।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत दूसरे स्थान पर

14 अक्टूबर 2010, गुरुवार

19वें राष्टमंडल खेलों में इतिहास रचते हुए भारत ने कुल 38 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बैडमिंटन के महिला एकल मुक़ाबले में साइना नेहवाल और युग़ल मुक़ाबले में ज्वाला गुट्टा तथा अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने सोने का तमगा जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक तालिका में इंग्लैंड को पछाड़कर भारत को दूसरे स्थान पर पहुँचा दिया। इस तरह भारत ने आख़िरकार कुल जीते पदकों का शतक लगा दिया। खेलों के आख़िरी दिन भारत के लिए खुशखबरी बैडमिंटन के मुक़ाबलों से आई, लेकिन पुरुष हॉकी में भारत को निराशा हाथ लगी जब उसे फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। खेलों का समापन होने तक ऑस्ट्रेलिया 74 स्वर्ण, 54 रजत और 48 काँस्य सहित कुल 176 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं, भारत दूसरे स्थान पर रहा, जिसने अपने निशानेबाजों, मुक्केबाजों और अन्य एथलीटों के बेहतरीन प्रदर्शन से 38 स्वर्ण, 27 रजत और 36 काँस्य जीतकर कुल 101 पदक हासिल किए।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

पौधों की प्रजातियों के विलुप्त होने का ख़तरा

Ecotask-news.jpg

29 सितंबर, 2010, बुधवार

वैज्ञानिकों का कहना है कि दुनिया के पौधों की प्रजातियों के पाँचवां हिस्से पर लुप्त होने का ख़तरा है। वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि ये अब तक पौधों की प्रजातियों पर किया गया अब तक सबसे अहम अध्ययन है। इस अध्ययन का नेतृत्व लंदन के रॉयल बॉटेनिकल गार्डन के वैज्ञानिकों ने किया है। अध्ययन के अनुसार दुनिया की लगभग तीन लाख 80 हज़ार पादप प्रजातियों को विलुप्त होने का ख़तरा मंडरा रहा है।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

राष्ट्रपति ने प्रदान किए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार

बुधवार, 29 सितंबर, 2010

नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने मंगलवार को एक विशेष समारोह के दौरान वर्ष 2009 के लिए प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और अकादमी पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर राज्यमंत्री (प्रधानमंत्री कार्यालय) पृथ्वीराज चव्हाण ने प्रधानमंत्री की ओर से उनका प्रतिनिधित्व किया। चाव्हाण संस्कृति मंत्री भी हैं। पाटिल ने वायलिन वादक लालगुडी जयरमन, थियेटर अभिनेता श्रीराम लागू, भरतनाट्यम नृत्यांगना यामिनी कृष्णामूर्ति, संस्कृत थियेटर के विद्वान कमलेश दत्त त्रिपाठी के साथ-साथ हिंदुस्तानी गायक किशोरी अमोलकर और पंडित जसराज को अकादमी का फेलो होने पर अपनी शुभकामनाएं दीं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें

इन्हें भी देखें: समाचार एवं समाचार 2011

टीका टिप्पणी और संदर्भ