इंदु जैन

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
इंदु जैन
इंदु जैन
पूरा नाम इंदु जैन
जन्म 8 सितंबर, 1936
जन्म भूमि फ़ैजाबाद, उत्तर प्रदेश
मृत्यु 13 मई, 2021
मृत्यु स्थान नई दिल्ली
पति/पत्नी अशोक कुमार जैन
संतान दो बेटे- समीर जैन और विनीत जैन
कर्म भूमि भारत
कर्म-क्षेत्र बेनेट कोलमैन ऐंड कंपनी की चेयरपरसन और सी.ई.ओ.
पुरस्कार-उपाधि 'पद्म विभूषण' (2016), 'महात्मा महावीर अवार्ड'
प्रसिद्धि महिला उद्यमी
नागरिकता भारतीय
अन्य जानकारी साल 2000 में इंदु जैन ने यूनियन नेशंस के 'मिलेनियम वर्ल्ड पीस समिट' को संबोधित किया था। वर्ष 2015 में इंदु जैन ने 3.1 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ फोर्ब्स की सूची में 57वाँ स्थान हासिल किया था।

इंदु जैन (अंग्रेज़ी: Indu Jain, जन्म- 8 सितंबर, 1936; मृत्यु- 13 मई, 2021) 'टाइम्स ऑफ इंडिया मीडिया समूह' की चेयरपर्सन थीं। वह कई महिलाओं की रोल मॉडल थीं और महिलाओं के अधिकार के लिए काफी सक्रिय रहती थीं। साल 2016 में उन्हें भारत सरकार की तरफ से 'पद्म विभूषण' सम्मान से सम्मानित गया था। इंदु जैन कला और संस्कृति को बहुत पसंद करती थीं। वह एफ़आईसीसीआई की महिला विंग की फाउंडर प्रेसिडेंट भी रहीं। इसके साथ-साथ वह भारतीय ज्ञानपीठ ट्रस्ट की भी अध्यक्ष रही थीं।

परिचय

इंदु जैन का जन्म 8 सितंबर, सन 1936 को फ़ैजाबाद, उत्तर प्रदेश में हुआ था। भारत के अरबपतियों में उनका स्थान 29वां था। इंदु जैन की शादी स्वर्गीय अशोक कुमार जैन से हुई थी। उनके दो बेटे हैं- समीर और विनीत जैन। इंदु जैन एक अग्रवाल जैन थीं और साहू जैन परिवार से ताल्लुक रखती थीं। बेनेट कोलमैन ऐंड कंपनी देश के सबसे बड़े मीडिया ग्रुपों में से एक है। इसकी स्थापना वर्ष 1838 में हुई थी। बाद में 1948 में रामकृष्ण डालमिया ने कंपनी बेनेट कोलमैन के हाथों बेच दी थी। इस ग्रुप के साथ कई ब्रांड नेम जुड़े हुए हैं। इंदु जैन धर्मार्थ के कार्यों से भी जुड़ी हुईं थीं और धार्मिक कॉलम भी लिखती थीं। महिलाओं के अधिकार को लेकर भी सक्रिय रहीं।

साल 2000 में इंदु जैन ने यूनियन नेशंस के मिलेनियम वर्ल्ड पीस समिट को संबोधित किया था। वर्ष 2015 में इंदु जैन ने 3.1 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ फोर्ब्स की सूची में 57वाँ स्थान हासिल किया था। उन्होंने 'द वननेस फॉरम' को 2003 में शुरू किया था, जो कि एक आध्यात्मिक और यूनिटी संस्था है। जिसके लिए उन्हें 'महात्मा महावीर अवार्ड' भी मिला।

मृत्यु

इंदु जैन का निधन 13 मई, 2021 को नई दिल्ली में हुआ। वे 84 साल की थीं। उन्होंने वर्षों पहले ‘आर्ट ऑफ डाइंग’ को लेकर एक पत्र लिखा था और कहा था कि उनकी मृत्यु पर शोक नहीं, उत्सव मनाया जाए। यह मृत्यु को लेकर उनकी अलग सोच बताती है। ये चिट्‌ठी उनके निधन के बाद जारी की गई थी। इसमें जीवन और मृत्यु को लेकर उनकी क्या सोच थी, उसे बहुत सुंदर शब्दों में बताया गया है।

प्रिय आत्मवर,

मृत्यु की कला जीने की कला का ही विस्तार होना चाहिए। मैं सौभाग्यशाली रही कि मुझे पुरसुकून और सुविधाओं से संपन्न जिंदगी जीने का मौका मिला, लेकिन मेरी जिंदगी में जो अनकही खुशियां मिलती रहीं, वही मेरा सबसे बड़ा पुरस्कार रहा है।

मेरे जीवन का हर पहलू सुकून के साथ चमकता गया और हकीकत यह भी है कि उपलब्धि की हर भावना मेरे अंदर असीम शांति लाती गई। मुझे कभी किसी चीज के लिए तरसना नहीं पड़ा। केवल दुःख का ही अभाव रहा है। अगर वह कमी या भाग्य या कुछ और है, तो भी क्या फर्क पड़ता है।

बेशक सभी नश्वर प्राणियों की तरह असंतुष्ट महसूस करने के कई अवसर और कारण रहे हैं, लेकिन ऐसे हर अवसर पर मैंने अपने आप से पूछा कि ‘क्या खुद को दुखी होने की सजा देने की कोई जरूरत है?’ इसके जवाब ने हमेशा ऐसे नकारात्मक विचारों को तेजी से दूर किया है। इसी वजह से मेरा यकीन है कि सुख के साथ जीवन से विदाई भी खुशी के चारों ओर ध्वनि और उत्साह के बीच होगी।

इन सभी वर्षों में मैं हमेशा नए अनुभवों के लिए बेचैन रही हूं। सच कहूं तो ये जिंदगी नीरस हो गई है। एक व्यक्ति को वहां जाने का अधिकार मिला, वह वहां गया और उसने जाकर टी-शर्ट खरीदी। अब एक साहसिक यात्री के तौर पर मैं उस अंतिम सीमा का अनुभव करना चाहती हूं। मुझे अब भी इस पर यकीन है कि मैं जहां पहले कभी नहीं गई, वह अनजान जगह मुझे निराश नहीं करेगी। हर किसी ने इसके रहस्य की बात की है कि उस पार न जाने क्या होगा, उस पार जरूर कुछ नया होगा। मैं इसका पता लगाने के लिए बेसब्र हो रही हूं।

यह सब कहने के बाद, मैं आराम से जाना चाहूंगी। मृत्यु को बताएं, बहुत अच्छे और सौम्य अंदाज में, थोड़ा इंतजार करें, मैं अपना तकिया ठीक कर लूं और गर्माहट के लिए रजाई में घुस जाऊं। मैं सांसारिक मामले निपटाने को लेकर चिंतित नहीं हूं। भौतिक बंधन पहले से ही खुल चुके हैं, क्योंकि मैं अंतिम मंजिल से पहले अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही हूं। नहीं, बनारस नहीं, यह सांसारिक चिंताओं और शोर से दूर एक शांत आश्रम होगा।

मेरे दोस्त मेरे जाने की तैयारी कर रहे हैं। जो मेरे करीब हैं, और वास्तव में मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि सांत्वना से भरे शोर की जरूरत नहीं है। वे जानते हैं कि मैं मौत को उसी बेहिसाब उत्सव के साथ गले लगाऊंगी, जिस उत्सव के साथ मैंने जीवन को गले लगाया है। इस जागरूक क्लब में मेरे गुरु भी हैं, जिन्होंने मेरा पालन-पोषण और मुझसे लाड़-प्यार किया है। कभी-कभी मुझे यह सोचकर हंसी आती है कि मेरे लिए शोक कौन मनाएगा। बेचारे। सहज महसूस कराने के लिए उन्हें पीठ पर थपकी की जरूरत होगी, क्योंकि उन्हें नहीं पता कि मुझे उनके बीच से बाहर जाने में आनंद आ रहा है।

अगर कोई अंतिम इच्छा है, तो यह है- किसी को भी मेरे जाने की सूचना न दी जाए। किसी को पूछने की जरूरत नहीं है ‘इंदु कहां है?’ क्योंकि जहां भी हंसी होगी, वे उसे वहीं पाएंगे। शरीर के निर्जीव खोल का अंतिम संस्कार उसी तरह करें, जो आश्रमवासी सबसे अच्छा महसूस करें। मेरे गुरु जहां कहीं भी होंगे, निश्चित रूप से मेरे साथ उड़ान भर रहे होंगे। फिर, मैं उड़ जाऊंगी, आग, मिट्टी, पानी, हवा और अंतरिक्ष से लंबे समय से प्रतीक्षित मिलन के लिए...

हमेशा से तुम सभी में...

प्रेम सहित


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख